Full Story

मोतिहारी। तिरहुत प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता की कुश्ती स्पर्धा में पूर्वी चंपारण के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 स्वर्ण समेत कुल 30 पदक अपने नाम किए। जिला कुश्ती टीम ने अलग-अलग भार वर्गों में 22 स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। 30 पदकों में 22 गोल्ड प्रतियोगिता में पूर्वी चंपारण के खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में अपनी तकनीक और ताकत का प्रदर्शन किया। टीम के खाते में आए कुल 30 पदकों में 22 स्वर्ण रहे, जबकि पांच खिलाड़ियों ने रजत और तीन ने कांस्य पदक हासिल किया। विद्यालय स्तर की इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन से जिले की कुश्ती प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया मौका मिला है। अब इन खिलाड़ियों से राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। प्रशिक्षकों की मेहनत लाई रंग टीम के प्रदर्शन में प्रशिक्षक मनखुश कुमार, साजन कुमार और उज्ज्वल कुमार मिश्रा की अहम भूमिका रही। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को तकनीकी और मानसिक रूप से तैयार करने में योगदान दिया। पूर्वी चंपारण जिला कुश्ती संघ के सचिव रविश कुमार भी खिलाड़ियों के बीच मौजूद रहे और उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं, चंपारण गुरु भगत गुरुजी ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर उनका मनोबल बढ़ाया। संघ अध्यक्ष बोले- जिले के लिए गर्व की बात पूर्वी चंपारण जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष सुधाकर दुबे ने विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम से जुड़े सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि 22 स्वर्ण सहित 30 पदक जीतना पूरे पूर्वी चंपारण के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले के ये खिलाड़ी आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतकर पूर्वी चंपारण का नाम रोशन करेंगे। जिला कुश्ती संघ ने सभी विजेता पहलवानों और प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर खेल भविष्य की कामना की।