Full Story

सीवान। दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हावड़ा-गोरखपुर, लुधियाना-पूर्णिया और रामनगर-पाटलिपुत्र के बीच तीन जोड़ी त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, जिनके संचालन से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। हावड़ा-गोरखपुर के बीच तीन फेरे, सभी 18 कोच अनारक्षित पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क विभाग ने मंगलवार को इन ट्रेनों के परिचालन की तारीखों, समय और कोचों की जानकारी जारी की है। रेलवे के अनुसार, 03037 हावड़ा-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन 11, 13 और 14 नवंबर को रात 11:45 बजे हावड़ा से रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 3:25 बजे सीवान पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद शाम 6:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 03038 गोरखपुर-हावड़ा स्पेशल ट्रेन 12, 14 और 15 नवंबर को रात 8:35 बजे गोरखपुर से चलेगी। रात 11:15 बजे सीवान पहुंचने के बाद 11:17 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन की खास बात यह है कि इसके सभी 18 कोच अनारक्षित होंगे। इससे सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। लुधियाना-पूर्णिया स्पेशल के दो फेरे, 21 कोच की होगी ट्रेन पंजाब से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने 04660/04659 लुधियाना-पूर्णिया स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की है। 04660 लुधियाना-पूर्णिया स्पेशल 5 और 9 नवंबर को दोपहर 12 बजे लुधियाना से खुलेगी और अगले दिन सुबह 9:40 बजे सीवान पहुंचेगी। वहीं, 04659 पूर्णिया-लुधियाना स्पेशल 6 और 10 नवंबर को रात 11:30 बजे पूर्णिया से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:15 बजे सीवान पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे। इनमें आठ स्लीपर, 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल रहेंगे। रामनगर-पाटलिपुत्र स्पेशल हर शनिवार, वापसी रविवार को रेलवे ने 05080/05079 रामनगर-पाटलिपुत्र स्पेशल ट्रेन का भी कार्यक्रम जारी किया है। 05080 रामनगर-पाटलिपुत्र स्पेशल 7 से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:35 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वापसी में 05079 पाटलिपुत्र-रामनगर स्पेशल 8 से 22 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को सुबह 9:45 बजे पाटलिपुत्र से चलेगी। यह ट्रेन गोपालगंज, थावे, तमकुही रोड, पडरौना और गोरखपुर के रास्ते संचालित होगी। इसमें कुल 16 कोच लगाए जाएंगे।