Full Story

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग हादसों ने पांच परिवारों की खुशियां छिन ली। तीन सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। दूसरी ओर, शिकारगंज में कछुआ नदी पर बना पुराना जर्जर पुल ढह गया। मलबे में दबकर 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई और थानाध्यक्ष समेत सात लोग घायल हो गए। पुल की जर्जर हालत के बावजूद उस पर आवाजाही जारी रहने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जर्जर पुल बना जानलेवा, मलबे में दबकर किशोर की मौत शिकारगंज थाना क्षेत्र के भगवतपुर भलुअहिया गांव में कछुआ नदी पर बना पुराना पुल अचानक ध्वस्त हो गया। हादसे में शंभू महतो के 13 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार की मलबे में दबकर मौत हो गई। छह ग्रामीण भी घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर जांच करने पहुंचे शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल मिश्र भी हादसे की चपेट में आकर चोटिल हो गए। घायलों में गोपाल महतो (19), रमाशंकर महतो (11), मणि कुमार (13), अनुराग सिंह (30), मनीष कुमार सिंह (48) और राकेश महतो (30) शामिल हैं। इस हादसे ने पुल की सुरक्षा और उसकी मरम्मत को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि पुल लोगों की आवाजाही का भार सहने की स्थिति में नहीं था, तो उस पर आवागमन रोकने के लिए समय रहते कदम क्यों नहीं उठाए गए? एक किशोर की मौत के बाद अब यह सवाल जवाब मांग रहा है। तीन सड़क हादसों में तीन की मौत जिले के तीन थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में भी तीन लोगों की जान चली गई। पीपरा थाना क्षेत्र में उमा राम की 57 वर्षीय पत्नी चनरी देवी की मौत हो गई। कोटवा थाना क्षेत्र में पोखरा गांव निवासी विजय यादव के 20 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार ने सड़क हादसे में दम तोड़ दिया। वहीं, कल्याणपुर थाना क्षेत्र में नीलगाय से टकराने के बाद अलौला गांव निवासी 49 वर्षीय रविभूषण सिंह की मौत हो गई। विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया जहर देने का आरोप रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में निशांत कुमार की 37 वर्षीय पत्नी शिखा देवी की भी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें जहर देकर मार दिया गया। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौतों के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।