Full Story
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संकल्प के साथ पदयात्रा निकालकर मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान के समर्थन में जनजागरण किया। महात्मा गांधी प्रेक्षागृह, राजा बाजार से शुरू हुई पदयात्रा नरसिंह बाबा मंदिर के समीप संपन्न हुई। इसमें भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के हजारों कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लिया। पदयात्रा को संबोधित करते हुए सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि यह आयोजन लोकतंत्र को मजबूत करने, निष्पक्ष चुनाव प्रणाली में जनता का विश्वास बनाए रखने और समाज में भ्रम एवं अराजकता फैलाने वाली ताकतों को जवाब देने का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग मतदाता सूचियों को स्वच्छ, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए निरंतर काम कर रहा है। मृत व्यक्तियों के नाम तथा एक से अधिक स्थानों पर दर्ज दोहरे और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाना आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। इससे फर्जी मतदान पर रोक लगेगी और वास्तविक मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। श्री सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया को लेकर भ्रम और अफवाह फैलाकर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने फर्जी प्रपत्र-7 के माध्यम से आपत्तियां दर्ज कराने के मामले सामने आने का उल्लेख करते हुए ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता जताई। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया की वास्तविक जानकारी देने, अफवाहों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं को जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव व्यवस्था पर निर्भर करती है। मतदाता सूची का शुद्धिकरण किसी राजनीतिक दल के हित में नहीं बल्कि देश के प्रत्येक वास्तविक मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने विपक्ष पर इस संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं से जनता के बीच तथ्यात्मक जानकारी रखने की अपील की। पदयात्रा में पूर्व मंत्री एवं मधुबन विधायक राणा रणधीर सिंह, मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार, हरसिद्धि विधायक कृष्णनंदन पासवान, कल्याणपुर विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह, पिपरा विधायक श्यामबाबू यादव, चिरैया विधायक लालबाबू गुप्ता, ढाका के पूर्व विधायक पवन जायसवाल, गोविन्दगंज के पूर्व विधायक सुनील मणि तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज सहित भाजपा के ढाका एवं रक्सौल संगठन जिलों के अध्यक्ष, राजग घटक दलों के जिलाध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।



Comments
0