Full Story

पटना/बेगूसराय। बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने सोमवार को बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाने में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) चंदन कुमार झा को शराब से जुड़े एक मामले में शिकायतकर्ता का नाम हटाने के बदले 29 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। शराब मामले से नाम हटाने के लिए मांगी थी रिश्वत ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि साहेबपुर कमाल निवासी अमित कुमार ने पटना स्थित ब्यूरो कार्यालय में एएसआई चंदन कुमार झा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि साहेबपुर कमाल थाने में 16 अक्टूबर 2026 को बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत कांड संख्या 279/26 दर्ज किया गया था। इस मामले में शराब लदी एक हुंडई आई-20 कार पकड़ी गई थी। शिकायतकर्ता का कहना था कि कार पहले उनके नाम पर थी लेकिन वह उसे पहले ही एक हजार रुपये के स्टांप पेपर पर बेच चुके थे। इसके बावजूद शराब से जुड़े मामले में उनका नाम आ गया था। आरोप है कि इसी मामले से नाम हटाने के बदले थाने में तैनात एएसआई चंदन कुमार झा रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत की जांच में रिश्वत मांगने के मिले प्रमाण शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी पुलिस अधिकारी की ओर से रिश्वत मांगे जाने के प्रमाण मिले। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद 30 अक्टूबर को निगरानी थाना कांड संख्या 127/26 दर्ज किया गया। इसके बाद कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की गई। प्रखंड कार्यालय के गेट के पास बिछाया जाल वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक गौतम शरण ओमी के नेतृत्व में छापेमारी दल बनाया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से सोमवार को साहेबपुर कमाल में कार्रवाई की। आरोपी एएसआई चंदन कुमार झा को साहेबपुर कमाल प्रखंड कार्यालय के गेट के सामने सड़क किनारे 29 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को निगरानी टीम ने अपनी हिरासत में ले लिया। भागलपुर की विशेष निगरानी अदालत में होगी पेशी निगरानी ब्यूरो ने बताया कि गिरफ्तार सहायक अवर निरीक्षक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को भागलपुर स्थित विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा।