Full Story
मुंबई। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, दीर्घकालिक पूंजीगत लाभ कर (एलटीसीजी) की व्यवस्था में संभावित बदलाव की उम्मीद और प्रमुख शेयरों में जोरदार लिवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेजी रही तथा बीएसई का सेंसेक्स 1225.07 अंक यानी 1.62 प्रतिशत उछलकर 76917.85 पर और एनएसई निफ्टी 370.05 अंक यानी 1.58 प्रतिशत चढ़कर 23810.85 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स 76900 के पार, निफ्टी में 370 अंकों की छलांग सोमवार को सात सप्ताह के उच्चतम बंद स्तर पर पहुंचने के बाद मंगलवार को भी बाजार की रफ्तार बनी रही। सेंसेक्स 76288.65 पर खुला और कारोबार के दौरान 76917.85 के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। इसका दिन का निचला स्तर 76033.74 रहा। कारोबार समाप्त होने पर सेंसेक्स 1.62 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76917.85 पर बंद हुआ। पिछले सत्र में यह 75692.78 पर था। इसी तरह निफ्टी 1.58 प्रतिशत यानी 370.05 अंक चढ़कर 23810.85 पर बंद हुआ। निफ्टी ने दिन की शुरुआत 23582.25 से की और कारोबार के दौरान 23482.80 से 23810.85 अंक के बीच रहा। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बढ़त बड़ी कंपनियों के साथ मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। बीएसई 150 मिडकैप सूचकांक 0.84 प्रतिशत बढ़कर 15,845.41 पर पहुंच गया। बीएसई 250 स्मॉलकैप सूचकांक 0.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,685.70 पर बंद हुआ। हालांकि, प्रमुख सूचकांकों के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप की बढ़त सीमित रही। एफएमसीजी और रियल्टी में सबसे ज्यादा चमक कारोबार के दौरान एफएमसीजी क्षेत्र सबसे आगे रहा। इसका सूचकांक 3.38 प्रतिशत चढ़ा। रियल्टी में 2.33 प्रतिशत, निजी बैंकों में 2.06 प्रतिशत, प्रमुख 10 बैंकों के सूचकांक में 1.92 प्रतिशत और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 1.74 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। ऑटो क्षेत्र 1.64 प्रतिशत, वित्तीय सेवाएं 1.67 प्रतिशत, दूरसंचार 1.51 प्रतिशत, अस्पताल 1.47 प्रतिशत और बैंकएक्स 1.10 प्रतिशत मजबूत हुए। बीमा क्षेत्र में 1.11 प्रतिशत, सेवाओं में 0.93 प्रतिशत, हाउसिंग फाइनेंस में 0.70 प्रतिशत, ऊर्जा में 0.63 प्रतिशत, तेल एवं गैस में 0.61 प्रतिशत, स्वास्थ्य सेवा में 0.60 प्रतिशत और कमोडिटी क्षेत्र में 0.56 प्रतिशत की तेजी रही। इसके उलट सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक 1.33 प्रतिशत टूटे। यूटिलिटीज में 0.86 प्रतिशत, बिजली क्षेत्र में 0.79 प्रतिशत और धातु क्षेत्र में 0.14 प्रतिशत की गिरावट आई। मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक क्वालिटी टिल्ट सूचकांक 0.45 प्रतिशत और मिडस्मॉल प्राइवेट बैंक सूचकांक 0.17 प्रतिशत नीचे रहा। हिंदुस्तान यूनिलीवर और एयरटेल ने दिखाई ताकत सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर सबसे ज्यादा 4.16 प्रतिशत चढ़कर 1,975 रुपये पर पहुंच गया। भारती एयरटेल में 4 प्रतिशत की तेजी रही और इसका शेयर 2,065.90 रुपये पर बंद हुआ। एचडीएफसी बैंक 3.62 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 3.53 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट 3.05 प्रतिशत मजबूत हुए। आईसीआईसीआई बैंक में 2.80 प्रतिशत, आईटीसी में 2.76 प्रतिशत, टाइटन में 1.90 प्रतिशत, इंडिगो में 1.85 प्रतिशत और एक्सिस बैंक में 1.82 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। मारुति सुजुकी, बजाज फिनसर्व, इटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 0.55 प्रतिशत चढ़कर 1,306.20 रुपये पर पहुंच गया। इंफोसिस, एचसीएल टेक, टीसीएस, लार्सन एंड टुब्रो, सन फार्मा और टेक महिंद्रा में भी हल्की तेजी रही। पावर ग्रिड और एसबीआई में गिरावट बाजार की व्यापक तेजी के बावजूद कुछ प्रमुख शेयर दबाव में रहे। पावर ग्रिड का शेयर 2.27 प्रतिशत गिरकर 259.90 रुपये पर बंद हुआ। भारतीय स्टेट बैंक में 1.77 प्रतिशत की गिरावट आई और इसका शेयर 969.55 रुपये पर पहुंच गया। एनटीपीसी 0.87 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.54 प्रतिशत और ट्रेंट 0.33 प्रतिशत नीचे बंद हुए। एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख भारतीय बाजार की तेजी के विपरीत कई प्रमुख एशियाई बाजारों में कमजोरी देखने को मिली। दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक 3.59 प्रतिशत लुढ़क गया। चीन का शंघाई कंपोजिट 0.82 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.33 प्रतिशत नीचे रहा। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।



Comments
0