Full Story

कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र में रोशना-अमदाबाद महानंदा बांध पर बनी सड़क पर रघुनाथपुर ढाला के पास टोटो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। आमने-सामने टकराए टोटो और बाइक, मौके पर गई जान हादसा अमदाबाद प्रखंड के रघुनाथपुर ढाला के पास हुआ। महानंदा बांध पर बनी सड़क से गुजर रहे एक टोटो और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दोनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान इंग्लिश डकरा निवासी मनोज यादव और अनिल यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमदाबाद ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टोटो पर लदी लकड़ी सड़क की ओर निकली थी बाहर प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय टोटो पर लकड़ी लदी हुई थी। लकड़ियों का कुछ हिस्सा टोटो से बाहर निकला हुआ था।बताया गया है कि सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार को लगा कि वह टोटो के बगल से निकल जाएगा, लेकिन बाहर निकली लकड़ी के कारण हादसा हो गया। स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाया गया है कि वाहनों में डिपर लाइट का सही इस्तेमाल नहीं होने से सामने से आ रहे वाहन की स्थिति समझने में परेशानी हुई। तेज और रंगीन लाइटों पर उठे सवाल हादसे के बाद इलाके में टोटो, सीएनजी टेंपो और मोटरसाइकिलों में लगाई जा रही तेज तथा रंगीन लाइटों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई वाहन चालक अपने वाहनों में ऐसी लाइटें लगाते हैं, जिनसे सामने से आने वाले लोगों को परेशानी होती है। कुछ टोटो में रंगीन लाइटें भी लगी रहती हैं, जिन्हें देखकर दूर से पुलिस वाहन होने का भ्रम पैदा होता है। लोगों का कहना है कि कई चालक रात में सामने से वाहन आने पर डिपर का इस्तेमाल नहीं करते, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। टोटो चालक हिरासत में, पुलिस ने कब्जे में लिए शव अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। वहीं, दुर्घटना के बाद टोटो चालक को हिरासत में लिया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वाहनों में लगाई जा रही तेज और प्रतिबंधित लाइटों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सड़क पर वाहन चलाते समय डिपर के इस्तेमाल और सुरक्षित ढंग से सामान लादने के नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जरूरत बताई है।