Full Story

मोतिहारी। बिहार के जिस चंपारण की धरती ने महात्मा गांधी के सत्याग्रह से देश को नई दिशा दी, उसी धरती से अब विकसित, आत्मनिर्भर और नवाचारयुक्त चंपारण के निर्माण का संकल्प बुलंद हुआ। ‘चंपारण परिवर्तन महोत्सव’ में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने विकास को जनभागीदारी से जोड़ते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का आह्वान किया। वहीं, ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत महादलित बस्ती में आयोजित सामूहिक भोज ने सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। श्री सिंह ने महोत्सव को संबोधित करते कहा कि चंपारण परिवर्तन महोत्सव महज एक आयोजन नहीं बल्कि नई सोच, नए संकल्प और विकसित चंपारण के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयास का प्रतीक है। चंपारण की पहचान केवल उसके गौरवशाली इतिहास तक सीमित नहीं है बल्कि यहां विकास की अपार संभावनाएं भी मौजूद हैं। इन संभावनाओं को साकार करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सामूहिक जिम्मेदारी है। सांसद ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में बिहार और चंपारण की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्थानीय प्रतिभाओं, उत्पादों और संसाधनों को प्रोत्साहन देकर न केवल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती दी जा सकती है। उन्होंने विकास की धारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनभागीदारी के माध्यम से चंपारण को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर जोर दिया। इस अवसर पर ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत मुफ्फसिल मंडल के भरौलिया चौक स्थित महादलित बस्ती में सभी समुदायों की सहभागिता से सामूहिक भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि सेवा, समर्पण, समानता और सामाजिक एकता की भावना के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याण पहुंचाना सभी का दायित्व है। सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव को समाप्त कर ही मजबूत और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुफ्फसिल मंडल अध्यक्ष मुकेश सिन्हा ने की जबकि संचालन ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजय ठाकुर ने किया। इस मौके पर प्रकाश अस्थाना, ओमप्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।