Full Story
मोतिहारी। बिहार में पूर्वी चंपारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह को संसद की रक्षा संबंधी स्थायी समिति का लगातार तीसरी बार अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद ने शनिवार को बताया कि कि रक्षा जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषय की संसदीय समिति की लगातार तीसरी बार अध्यक्षता की जिम्मेदारी मिलना श्री सिंह के लंबे संसदीय अनुभव और विभिन्न संसदीय दायित्वों के निर्वहन को रेखांकित करता है। पार्टी ने इसे बिहार और विशेषकर पूर्वी चंपारण के लिए गौरव का विषय बताया है। लगभग चार दशक का संसदीय सफर गौरतलब है कि राधा मोहन सिंह वर्ष 1989 में पहली बार नौवीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। इसके बाद 1996, 1999, 2009, 2014, 2019 और 2024 में वे लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। इस तरह 18वीं लोकसभा में उनका संसदीय कार्यकाल सातवां है। इस दौरान वे संचार, उद्योग एवं खान, वाणिज्य, ऊर्जा और रेलवे सहित विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य रहे। वर्ष 2014 में पांचवीं बार लोकसभा पहुंचने के बाद उन्हें केंद्र में कृषि मंत्री बनाया गया। मई 2014 से अगस्त 2015 तक उन्होंने कृषि मंत्रालय तथा अगस्त 2015 से मई 2019 तक कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाली। रेलवे समिति की भी संभाली अध्यक्षता संसदीय समितियों में उनकी भूमिका भी लंबी रही है। सितंबर 2019 से सितंबर 2024 तक वे लोकसभा की स्थायी समिति रेलवे के अध्यक्ष रहे। सितंबर 2024 से वे रक्षा संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं। 26 सितंबर 2024 से इस पद पर उन्होंने योगदान दिया। रक्षा समिति केंद्र सरकार के रक्षा मंत्रालय से जुड़े विषयों की संसदीय निगरानी करने वाली विभाग-संबंधी स्थायी समितियों में शामिल है। बहुदलीय समिति की अध्यक्षता रक्षा संबंधी स्थायी समिति में विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद सदस्य हैं। ऐसे बहुदलीय संसदीय मंच की अध्यक्षता की जिम्मेदारी लगातार मिलना, श्री सिंह के संसदीय अनुभव और सदस्यों के साथ समन्वय की उल्लेखनीय भूमिका को दर्शाता है।राधा मोहन सिंह वर्तमान में पूर्वी चंपारण से 18वीं लोकसभा के सदस्य हैं। संसदीय आंकड़ों के अनुसार 24 जून 2024 से 13 अगस्त 2026 तक 18वीं लोकसभा में उनकी उपस्थिति 95 प्रतिशत रही है। भाजपा नेता और स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार ने कहा कि श्री सिंह की नई जिम्मेदारी पूरे बिहार और विशेषकर पूर्वी चंपारण के लिए सम्मान का विषय है। उन्होंने राधा मोहन सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



Comments
0