Full Story
मोतिहारी। जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में कार्रवाई करते हुए गुदरी बाजार स्थित एक बड़े पटाखा कारोबारी के प्रतिष्ठान से करीब 60 लाख रुपये मूल्य का माल जब्त किया है वहीं, अवधेश चौक स्थित एक ट्रांसपोर्टर के गोदाम में बिना इनवॉयस के लाखों रुपये के सामान मिले हैं। दस्तावेजों और वास्तविक स्टॉक में अंतर मिलने के बाद ट्रांसपोर्टर के यहां जांच जारी है। वाणिज्य-कर आयुक्त-सह-सचिव, बिहार, पटना के निर्देश पर जीएसटी विभाग, मोतिहारी और जीएसटी अन्वेषण ब्यूरो, मुजफ्फरपुर की संयुक्त टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। पटाखा कारोबारी के यहां कार्रवाई पूरी हो चुकी है, जबकि ट्रांसपोर्टर के गोदाम में माल और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। पटाखा कारोबारी के प्रतिष्ठान से जब्त माल के संबंध में विभाग खरीद-बिक्री के अभिलेखों, स्टॉक, जीएसटी रिटर्न और कर भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगा। वहीं, ट्रांसपोर्टर के गोदाम में कुछ सामान के इनवॉयस प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके अलावा, दस्तावेजों में दर्ज विवरण और मौके पर उपलब्ध माल के बीच अंतर पाया गया। अधिकारी इनवॉयस, ई-वे बिल, स्टॉक रजिस्टर और अन्य कारोबारी अभिलेखों का मिलान कर रहे हैं, ताकि विसंगतियों के कारणों का पता लगाया जा सके। राज्य-कर संयुक्त आयुक्त (प्रभारी), मोतिहारी संतोष कुमार ने बताया कि कर अनुपालन सुनिश्चित करने और संभावित कर अपवंचना पर अंकुश लगाने के लिए नियमानुसार निरीक्षण एवं जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जीएसटी अधिनियम के तहत आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने करदाताओं से वास्तविक कारोबार का सही लेखांकन करने, समय पर कर विवरण दाखिल करने और नियमानुसार देय कर का भुगतान करने की अपील की। दोनों प्रतिष्ठानों के संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के मूल्यांकन के बाद ही सामने आएगा।



Comments
0