Full Story
सीवान। बिहार में सीवान जिले के एमएच नगर थाना क्षेत्र के लहेजी स्थित कबीर मठ में मंगलवार की रात करीब 8:45 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी, जिसके बाद मठाधीश अमोद गोस्वामी ने हाल की घटनाओं का हवाला देते हुए अपनी हत्या की साजिश रचे जाने की आशंका जताई है। घटना के बाद मठ परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। इस बीच मठाधीश ने अपनी जान को खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पहले मठ के चक्कर लगाए, फिर गोलियां चलाकर भागे मठाधीश अमोद गोस्वामी ने बताया कि मंगलवार को उनकी तबीयत खराब थी इसलिए वह रात में जल्दी भोजन करने के बाद आराम करने चले गए थे। इसी दौरान करीब पौने नौ बजे बाइक पर सवार दो लोग मठ पहुंचे। उन्होंने पहले परिसर के चारों ओर चक्कर लगाया और फिर अचानक पिस्तौल से गोलियां चलाते हुए फरार हो गए। उन्होंने बताया कि फायरिंग के दौरान एक गोली मठ में लगे शीशे के स्लाइडर को तोड़ते हुए दीवार से जा टकराई। अचानक गोलियों की आवाज से मठ में मौजूद लोग सहम गए। ‘लगातार हो रही घटनाओं से जान का खतरा’ श्री अमोद गोस्वामी ने दावा किया कि पिछले कुछ दिनों से उनके साथ ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिनके कारण उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। उन्होंने आशंका जताई कि कोई उनकी हत्या की साजिश रच रहा है। उनका यह भी कहना है कि उनसे पहले मठ की जिम्मेदारी संभालने वाले मठाधीशों के साथ भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि, उनकी हत्या की साजिश संबंधी आशंका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मठाधीश ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने और उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। छह दिन पहले जमीन की जुताई पर हुआ था विवाद फायरिंग की इस घटना से पहले 21 अक्टूबर को मठ की जमीन की जुताई को लेकर विवाद हुआ था। श्री आमोद गोस्वामी ने बताया कि मठ के पास स्थित जमीन पर सरसों की बुवाई के लिए ट्रैक्टर से खेत की जुताई कराई जा रही थी। इसी बीच गांव के एक पिता-पुत्र वहां पहुंचे और ट्रैक्टर चालक को काम बंद कर वहां से जाने के लिए मजबूर कर दिया। उनका आरोप है कि इसके बाद दोनों मठ पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज तथा दुर्व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि इस घटना को लेकर एमएच नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। क्या जमीन विवाद से जुड़ी है फायरिंग जमीन की जुताई को लेकर हुए विवाद के छह दिन बाद मठ परिसर में गोलीबारी होने से दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, फायरिंग के पीछे जमीन विवाद ही वजह है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हमलावर कौन थे और उन्होंने मठ को निशाना क्यों बनाया। सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की तलाश वारदात की जानकारी मिलते ही एमएच नगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस मठ में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है ताकि बाइक सवार दोनों संदिग्धों की पहचान की जा सके।



Comments
0