Full Story

कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के फलका प्रखंड के पोठिया थाना क्षेत्र में नवरात्र के पहले दिन रविवार को राज्य राजमार्ग-77 पर बलखावा मोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर में पेट्रोल भरवाने जा रहे दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे दोनों परिवारों के साथ पूरे गांव में मातम पसर गया। पेट्रोल भरवाने निकले थे, रास्ते में हो गया हादसा पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान पोठिया निवासी आशीष कुमार यादव (19 वर्ष) और सुमित कुमार यादव (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त थे। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे आशीष अपने दोस्त सुमित के साथ मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने नरहैया पेट्रोल पंप जा रहे थे। इसी दौरान स्टेट हाईवे-77 पर पेट्रोल पंप से पहले बलखावा मोड़ के समीप सामने से आ रहे एक मछली व्यवसायी की बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक साथ उठीं दो अर्थियां, गांव में मची चीख-पुकार पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही आशीष और सुमित के शव पोठिया गांव पहुंचे, परिजनों में कोहराम मच गया। घरों से उठती चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। सबसे दर्दनाक दृश्य उस समय सामने आया, जब दोनों दोस्तों की अर्थियां एक साथ उठीं। परिजनों का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। दोनों युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के कई घरों में रविवार को चूल्हे तक नहीं जले। बेटों के शव से लिपटकर रोती रहीं माताएं आशीष की मां रंजना देवी और सुमित की मां सुनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। दोनों अपने बेटों के शव से लिपटकर बिलख रही थीं। रोते हुए माताएं बार-बार दुर्गा मां से सवाल कर रही थीं कि आखिर उनके बेटों को उनसे क्यों छीन लिया गया। वहीं, आशीष के पिता बांके यादव और सुमित के पिता बबलू यादव भी जवान बेटों की मौत से गहरे सदमे में हैं। मृतकों के भाई-बहन और परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। नवरात्र के पहले दिन उजड़ गईं दो परिवारों की खुशियां जिस दिन गांव में नवरात्र की शुरुआत को लेकर उत्साह का माहौल था, उसी दिन हुए इस हादसे ने दो घरों में मातम ला दिया। महज 18 और 19 साल की उम्र में दो दोस्तों की अचानक मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। दोनों परिवारों के साथ आसपास के लोग भी इस दुखद घटना से गमगीन हैं। जनप्रतिनिधियों ने उठाई मुआवजे की मांग हादसे के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दोनों युवकों की मौत पर गहरा दुख जताया है। प्रमुख दीपशिखा सिंह, मुखिया हृदयनारायण यादव, पूर्व मुखिया अखिलेश यादव और पूर्व समिति सदस्य प्रदीप प्रभा सहित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि दोनों मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन के तहत उचित मुआवजा और आर्थिक सहयोग जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाए।