Full Story
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों की जान सड़क हादसों में गई, जबकि दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस बीच मोतिहारी केंद्रीय कारा में बंद हत्या के एक आरोपित ने सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, दो दिनों से लापता 26 वर्षीय युवक का पानी भरे गड्ढे से सड़ा-गला शव मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। जेल में बंद पिता-पुत्र और दोनों भाई, मुखाग्नि देने का संकट मोतिहारी केंद्रीय कारा में हत्या के आरोप में बंद 50 वर्षीय रंजन साह की सोमवार रात सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह ढाका थाना क्षेत्र के रामचंद्र टोला का निवासी था। रंजन के दोनों भाई कंचन साह और सुधीर साह तथा उसका इकलौता पुत्र मिथुन साह भी उसी हत्या के मामले में जेल में बंद हैं। ऐसे में परिवार के सामने अंतिम संस्कार के लिए मुखाग्नि देने की व्यवस्था करना चुनौती बन गया है। परिजन तीनों को पैरोल पर लाने का प्रयास कर रहे हैं। रंजन के भाई की पत्नी अनीता देवी ने आईएनआई से बातचीत में जेल प्रशासन पर समय पर इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। तीन सड़क हादसों में महिला समेत तीन की मौत राजेपुर थाना क्षेत्र के रानीपट्टी निवासी 23 वर्षीय कुर्जी कुमारी अपने पिता रामएकबाल साह के साथ मोटरसाइकिल से परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान एक अन्य वाहन की ठोकर से उसकी मौत हो गई। केसरिया थाना क्षेत्र के दुबौलिया रामगढ़वा निवासी 76 वर्षीय कपिल राम की भी सड़क दुर्घटना में जान चली गई। तीसरी घटना छतौनी थाना क्षेत्र में हुई, जहां मकड़ी महुआवा निवासी 45 वर्षीय किरानी राय की सड़क हादसे में मौत हो गई। पानी में डूबने से दो मासूमों की मौत गोविंदगंज थाना क्षेत्र के जितवारपुर गांव में रामाश्रय सहनी के 13 वर्षीय पुत्र धनंजय कुमार की पानी में डूबने से मौत हो गई। दूसरी घटना कुंडवा चैनपुर थाना क्षेत्र के हरदिया गांव की है, जहां सुभाष कुमार के दो वर्षीय पुत्र गोलू की डूबने से जान चली गई। दो दिन से लापता युवक का गड्ढे में मिला शव कोटवा थाना क्षेत्र के गढ़वा खजुरिया गांव में पानी भरे गड्ढे से 26 वर्षीय जमालुद्दीन उर्फ अंगूर का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। वह मोहम्मद जुल्फिकार का पुत्र था। परिजनों के मुताबिक, जमालुद्दीन रविवार शाम एक दोस्त के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या कर उसे पानी में फेंके जाने की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मुजफ्फरपुर भेजा है।



Comments
0