Full Story
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान हादसों ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग चार सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, रामगढ़वा थाना क्षेत्र में पोखर में डूबने से दो वर्षीय बच्चे की जान चली गई। सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर से लेकर पोखर में डूबने तक, हादसों की इन घटनाओं ने जिले में मातम पसार दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटवा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर दीपउ चौक के समीप शुक्रवार दोपहर बाद सड़क पार कर रहे 45 वर्षीय प्रभु राय की कंटेनर की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह जगिरहा गांव निवासी रामानंदन राय के पुत्र थे। हादसे के बाद राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी थाना क्षेत्र के कदम्ब चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर कार और गैस पाइपलाइन बिछाने के काम में लगी जेसीबी मशीन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। पिपराकोठी की ओर जा रही उत्तर प्रदेश नंबर की कार की चपेट में सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार भी आ गया। दुर्घटना में पूर्वी चंपारण के भोपतपुर थाना क्षेत्र के बझिया गांव निवासी हजारी यादव के पुत्र खेसारी यादव, रामएकबाल यादव के पुत्र सिकन्दर यादव और मुनेश्वर तिवारी के पुत्र राजू तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य सड़क दुर्घटना में पिपरा थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव निवासी करीब 60 वर्षीय रामअवतार प्रसाद की मौत हो गई। महुआ रेलवे फाटक के समीप ट्रैक्टर की ठोकर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में उनकी जान चली गई। इधर, बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहा पररिया गांव में सड़क दुर्घटना में दस वर्षीय बिट्टू कुमार की मौत हो गई। वह सुरेश राय का पुत्र था। मासूम की मौत से परिजनों में शोक छा गया। उधर, रामगढ़वा थाना क्षेत्र के भूमिहारी टोला गांव में गुरुवार देर शाम पोखर में डूबने से डब्लू चौबे के दो वर्षीय पुत्र की मौत हो गई। प्रखंड उपप्रमुख अरविंद पांडेय के अनुसार, गांव का एक छोटा बच्चा उसे घुमाने के लिए अपने साथ ले गया था। इसी दौरान खेलते-खेलते दो वर्षीय बच्चा पोखर में जा गिरा। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे पोखर से निकालकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।



Comments
0