Full Story

सीवान। बिहार में सीवान शहर के नगर भवन में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 में जिले के युवाओं ने लोकगीत, लोकनृत्य, चित्रकला, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक के जरिए अपनी प्रतिभा का ऐसा रंग बिखेरा कि पूरा माहौल कला और संस्कृति के रंग में रंग गया। दीप जले, आराधना नृत्य से सजी उत्सव की शुरुआत बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित युवा उत्सव का उद्घाटन जिलाधिकारी (डीएम) विजय प्रकाश मीणा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबली डे की मनमोहक आराधना नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंद्रमौली कुमार ने जिलाधिकारी और अन्य अतिथियों को पौधे भेंट कर उनका स्वागत किया। उत्सव में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों और कला समूहों से जुड़े युवाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान खींचा। कैनवास पर नशामुक्ति का संदेश, मंच पर लोकसंस्कृति की छटा युवा उत्सव में मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता की भी झलक देखने को मिली। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशामुक्ति अभियान को केंद्र में रखकर आकर्षक चित्र बनाए और अपनी कला के माध्यम से समाज को संदेश दिया। वहीं, समूह लोक गायन और लोक नृत्य प्रतियोगिताओं में पारंपरिक गीतों और नृत्यों ने समां बांध दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। कविता लेखन में युवाओं ने शब्दों के जरिए अपनी रचनात्मक सोच दिखाई, जबकि नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियों में अभिनय और संवाद के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सीवान में हुनर की कमी नहीं, बस मंच चाहिए : डीएम प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने कहा कि सीवान में प्रतिभाशाली युवाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर और मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव का उद्देश्य जिले की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना, उनकी रचनात्मक क्षमता को निखारना और सांस्कृतिक विरासत को सहेजना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को जिला स्तर से आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मौका मिलता है। उन्होंने प्रतिभागियों को लगातार अभ्यास और मेहनत करने की सलाह दी और कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि प्रतिभाओं को हर स्तर पर प्रोत्साहित किया जाए। जिला प्रशासन भी युवाओं को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को उचित अवसर दिलाने के लिए हमेशा तैयार है। चित्रकला में संजना अव्वल, कविता में रिया ने मारी बाजी प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित होने पर विजेता प्रतिभागियों में खुशी देखने को मिली। चित्रकला प्रतियोगिता में संजना ने पहला स्थान हासिल किया। अंजलि और रुकसार संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि पूनम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन प्रतियोगिता में रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। ज्योति दूसरे और अनुष्का तीसरे स्थान पर रहीं। दोनों प्रतियोगिताओं में युवाओं ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। नुक्कड़ नाटक में तेपहा उच्च विद्यालय की टीम बनी विजेता नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में उच्च विद्यालय तेपहा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। गया दास उच्च विद्यालय, रसीदचक की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि अनुष्का दुबे और उनकी टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतिभागियों ने अभिनय और संवाद के जरिए अपनी प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाया। लोकगायन में महावीरी, लोकनृत्य में संगीत कला परिषद का परचम समूह लोक गायन प्रतियोगिता में महावीरी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। सोनमती संगीत महाविद्यालय की टीम दूसरे और विवेक कुमार की टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं, समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता में संगीत कला परिषद की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। महावीरी की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि रजिया गंगा उच्च विद्यालय, कनोडिया की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। लोकगीत और लोकनृत्य की इन प्रस्तुतियों ने जिले की सांस्कृतिक प्रतिभा और पारंपरिक कलाओं की खूबसूरती को सामने रखा। विजेताओं को मेडल-मोमेंटो, अब राज्यस्तर पर दिखेगा हुनर प्रतियोगिताओं के समापन पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंद्रमौली कुमार ने विजेता प्रतिभागियों और टीमों को मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। जिला स्तरीय युवा उत्सव में चयनित प्रतिभागी अब राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। शिक्षकों, विद्यार्थियों और कलाकारों की रही भागीदारी कार्यक्रम में प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपेंद्र कुमार, मिन्हाजुद्दीन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा अभिजीत कुमार और सामाजिक कार्यकर्ता गणेश दत्त पाठक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा शिक्षक, छात्र-छात्राएं और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी उत्सव में भागीदारी की। कार्यक्रम का मंच संचालन वीनस दीक्षित ने किया।