Full Story

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें से तीन की जान सड़क दुर्घटनाओं में गई, एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला, जबकि एक बुजुर्ग की नदी में डूबने से मौत हो गई। जिले में हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं में सबसे पहले केसरिया थाना क्षेत्र के ओवरब्रिज के पास हादसे में गरीबा गांव निवासी उपेंद्र ठाकुर के 30 वर्षीय पुत्र सुभाष ठाकुर की मौत हो गई। कम उम्र में हुई इस मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दूसरी घटना नकरदेई थाना क्षेत्र की है। यहां सड़क दुर्घटना में घायल सिरिसिया माल के बीरता टोला निवासी मथुरा साह के 30 वर्षीय पुत्र मनोज साह की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। जिंदगी बचाने की कोशिशें आखिरकार नाकाम रहीं। तीसरी दुर्घटना भोपतपुर थाना क्षेत्र में हुई। पीपरा थाना क्षेत्र निवासी संदीप कुमार अपनी 26 वर्षीय पत्नी निर्मल कुमारी और पुत्री के साथ बहन के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन की ठोकर से निर्मल गंभीर रूप से घायल हो गईं। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जिस परिवार में जन्मदिन की खुशियों में शामिल होने की तैयारी थी, वहां इस हादसे ने दुख की छाया बिखेर दी। मलाही थाना क्षेत्र के चटिया गांव में 45 वर्षीय अवधेश पटेल का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। पुलिस सूत्रों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पीपरा थाना क्षेत्र की भिरिखिया नदी में डूबने से 60 वर्षीय रिझन सहनी की मौत हो गई। वह पिपराकोठी थाना क्षेत्र के चकरघे गांव के निवासी थे।