Full Story

मोतिहारी। वरिष्ठ पत्रकार रामसागर सिंह के आकस्मिक निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है। उनके निधन को पत्रकारिता के साथ-साथ आत्मीय रिश्तों की दुनिया के लिए भी अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। ढाई दशक से अधिक समय तक पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे रामसागर सिंह अपने सहज व्यवहार, मृदुभाषी स्वभाव और प्रतिकूल परिस्थितियों में भी मुस्कुराते रहने की विशिष्ट पहचान के लिए याद किए जाते रहेंगे। रविवार को उनके निधन की सूचना मिलने पर उनके साथ लंबे समय तक पत्रकारिता करने वाले सहयोगियों ने गहरा दुख व्यक्त किया। परिजनों के अनुसार, रामसागर अपने पैतृक गांव खैरी जमुनिया स्थित आवास पर रविवार सुबह से ही अतिथियों के स्वागत-सत्कार में लगे थे। दोपहर करीब दो बजे बाथरूम जाने के दौरान उन्हें हृदयाघात हुआ। उन्हें उपचार का अवसर भी नहीं मिल सका और उनका निधन हो गया। श्री रामसागर सिंह ने ढाई दशक से अधिक समय तक दो हिंदी दैनिक के लिए समाचारों का संकलन एवं प्रेषण किया। उन्होंने पत्रकारिता को केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि समाज और उसके विकास से जुड़े सरोकारों के निर्वहन के माध्यम के रूप में जिया। उनके व्यक्तित्व और आत्मीय संबंधों को याद करते हुए एक वरिष्ठ पत्रकार और प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजय कौशिक ने कहा कि रामसागर सिंह का गंभीर स्वभाव, मधुर व्यवहार और विपरीत परिस्थितियों में भी मुस्कुराते रहने का अंदाज उन्हें विशिष्ट बनाता था। वे हमेशा सम्बन्धों की प्रगाढ़ता के जतन में लगे रहने वाले व्यक्ति रहे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के बदलते व्यावसायिक दौर में किसी सहकर्मी के साथ ढाई दशक से अधिक समय तक आत्मीय संबंधों को उसी सम्मान और स्नेह के साथ निभाना रामसागर सिंह के व्यक्तित्व की बड़ी विशेषता थी। उनका जाना केवल एक अनुभवी पत्रकार का बिछुड़ना नहीं, बल्कि सहजता, विश्वास और मानवीय आत्मीयता से जुड़े एक रिश्ते का टूटना भी है। श्री सिंह के निधन पर पत्रकार जगत ने उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि उनका स्नेहिल सानिध्य, सहज मुस्कान और आत्मीय व्यवहार सदैव हृदय में सुरक्षित रहेगा। वरिष्ठ पत्रकार चंद्रभूषण पाण्डेय, प्रेस क्लब, मोतिहारी के अध्यक्ष संजय कौशिक, पत्रकार नरेंद्र झा, सुशील कुमार वर्मा, सागर सूरज, राजन दत्त द्विवेदी, मुकेश सिन्हा, राकेश कुमार, ज्ञानेश्वर गौतम, सचिन पाण्डेय और ब्रजेश झा ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।